बिहार बोर्ड 12वीं परीक्षा समाप्त, 71 छात्र निष्कासित

पटना, फरवरी 14: बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा 2026 संपन्न हो गई है। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने कहा कि अब उन्हें परिणाम का इंतजार है। इंटर की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 27 फरवरी से शुरू हो जाएगा और यह 10 मार्च तक चलेगा। अंतिम दिन की परीक्षा में कदाचार में शामिल 71 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया। इनमें से 27 परीक्षार्थी नवादा जिले से थे।
परीक्षा के अंतिम दिन विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के लिए विभिन्न भाषा विषयों की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में कंप्यूटर साइंस, मल्टीमीडिया और वेब टेक्नोलॉजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 6.75 लाख छात्राएं और 6.42 लाख छात्र शामिल थे।
बिहार बोर्ड की वार्षिक मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी और यह 25 फरवरी तक चलेगी। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय से एक घंटा पहले पहुंचना होगा। जूता-मोजा पहनकर परीक्षा भवन में प्रवेश पर रोक लगाई गई है। यदि कोई परीक्षार्थी ऐसा करता है, तो उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।